Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती में आंधी-बारिश से 20 गांवों की बिजली गुल:रास्ते बंद, मंदिर बाल-बाल...

बस्ती में आंधी-बारिश से 20 गांवों की बिजली गुल:रास्ते बंद, मंदिर बाल-बाल बचा; जनजीवन अस्त-व्यस्त

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में सोमवार/ मंगलवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। इस दौरान 20 गांवों की बिजली गुल हो गई, कई रास्ते पेड़ों के गिरने से बाधित हो गए और एक प्राचीन मंदिर भी बाल-बाल बचा। पोखरा से राम जानकी मार्ग को जोड़ने वाले रास्ते पर एक विशाल पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। बड़ी गाड़ियां सड़क पर फंस गईं, जबकि छोटी गाड़ियां खेतों के रास्ते से निकलने को मजबूर थीं। ग्रामीणों के अनुसार, इस घटना से काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। मार्ग पर फंसे एक ट्रक चालक ने बताया कि वह आंधी के दौरान रास्ते में था जब पेड़ गिरा और तब से वह फंसा हुआ है। आंधी का सबसे अधिक प्रभाव बिजली आपूर्ति पर पड़ा। चौबाहे फीडर से नगर से पोखरा आने वाली बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे लगभग 20 गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। रातभर लोग अंधेरे और उमस भरी स्थिति में रहने को विवश रहे। पोखरा बाजार स्थित प्राचीन राम जानकी मंदिर में भी आंधी के कारण एक विशाल आम का पेड़ गिर गया। सौभाग्य से, पेड़ मंदिर के ठीक बगल में गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मंदिर के महंत नागा गिरजेश दास ने बताया कि उन्होंने अचानक तेज आवाज सुनी और बाहर आकर देखा तो आम का विशाल पेड़ मंदिर के पास पड़ा था। उन्होंने कहा कि यदि पेड़ मंदिर पर गिरता तो भारी क्षति हो सकती थी। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द से जल्द राहत कार्य शुरू करने, रास्ते साफ कराने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments