बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में बस्ती-डुमरियागंज और वाल्टरगंज-हरदिया मार्ग पर दौड़ रहे ओवरलोड मिट्टी लदे डंपर आम जनता के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गए हैं। दर्जनों की संख्या में ये डंपर न केवल यातायात को प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि इनसे उड़ने वाली धूल ने राहगीरों का दम घोंट दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, सुबह से लेकर देर रात तक इस मार्ग पर डंपरों का लगातार आवागमन रहता है। इन डंपरों पर मिट्टी को ढकने के लिए तिरपाल का उपयोग नहीं किया जाता, जिससे मिट्टी सड़कों पर गिरती रहती है। यही मिट्टी बाद में धूल में बदल जाती है, जो हवा में उड़कर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों की आंखों में जलन और सांस लेने में कठिनाई पैदा कर रही है। तेज रफ्तार से दौड़ते इन डंपरों के कारण मार्ग पर आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं हो रही हैं। उड़ती धूल के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) कम हो जाती है, जिससे सामने से आ रहे वाहन स्पष्ट दिखाई नहीं देते, जो हादसों का मुख्य कारण बन रहा है। जितेंद्र कुमार, दिनेश कुमार, गुड्डू मोदनवाल, गोविंद मोदनवाल, बादल सिंह, अरविंद कुमार, प्रमोद अग्रहरी, संजीव पांडे, सर्वेश शुक्ला, राजू यादव, दिनेश यादव, शिवप्रसाद अग्रहरि और प्रवीण कुमार जैसे स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से इन बेलगाम डंपरों पर लगाम लगाने की मांग की है। उन्होंने सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने का भी आग्रह किया है, ताकि लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती न्यूज़: आज की ताज़ा खबर











