Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बुढ़वा बाबा दरगाह पर इस साल भी नहीं लगेगा मेला:प्रशासन ने भीड़...

बुढ़वा बाबा दरगाह पर इस साल भी नहीं लगेगा मेला:प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण के लिए बाहरी दुकानों पर लगाया प्रतिबंध


श्रावस्ती जनपद के दिकौली गांव स्थित प्रसिद्ध बुढ़वा बाबा की दरगाह पर इस वर्ष भी मेला आयोजित नहीं होगा। प्रशासन ने भीड़ एकत्र होने पर रोक लगाई है। हालांकि, दरगाह पर आने वाले जायरीन जियारत कर सकेंगे और केवल स्थानीय स्थायी दुकानदारों को ही सीमित रूप से दुकानें लगाने की अनुमति दी जाएगी। जमुनहा तहसील क्षेत्र के गिलौला ब्लॉक में स्थित इस दरगाह पर बाहरी और अस्थायी दुकानों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। यह निर्णय भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। दरगाह कमेटी के पदाधिकारी गुड्डू ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी मेला आयोजित नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल स्थानीय दुकानदारों को ही अनुमति मिलेगी, जबकि बाहर से आने वाले दुकानदारों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बुढ़वा बाबा की दरगाह क्षेत्र में आस्था का एक प्रमुख केंद्र है। प्रत्येक वर्ष जेठ माह में यहां चार दिनों तक भव्य मेले का आयोजन होता था। इसमें श्रावस्ती के अलावा आजमगढ़, देवरिया, प्रतापगढ़, जौनपुर, सुल्तानपुर, बलिया और बिहार सहित कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते थे। जायरीन यहां चादर और सिन्नी चढ़ाकर मन्नतें मांगते हैं। पिछले वर्ष भी प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को देखते हुए मेले के आयोजन पर रोक लगा दी थी। इस बार भी उसी व्यवस्था को लागू रखा गया है। दरगाह परिसर में सीमित व्यवस्था के साथ जियारत की अनुमति रहेगी और पूरी व्यवस्था प्रशासन की निगरानी में संचालित की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments