Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)सुजावलपुर में फर्जी स्कूल का खुलासा:प्रशासन ने 24 घंटे में जांच और...

सुजावलपुर में फर्जी स्कूल का खुलासा:प्रशासन ने 24 घंटे में जांच और सीलिंग के दिए निर्देश

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जिले के बहादुरपुर विकासखण्ड स्थित सुजावलपुर (कुसौरा बाजार) में ‘ग्लोबल चिल्ड्रेन्स एकेडमी’ और ‘ग्लोबल गर्ल्स इंटर कॉलेज’ नामक दो कथित विद्यालयों पर बिना मान्यता अवैध रूप से संचालित होने और अभिभावकों से धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। इन आरोपों के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने 24 घंटे के भीतर मामले की जांच पूरी कर दोषी पाए जाने पर विद्यालय को सील करने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, ये दोनों संस्थान एक ही परिसर से अलग-अलग नामों और बोर्डों के तहत संचालित हो रहे थे। इन पर शिक्षा का अवैध कारोबार चलाने और अभिभावकों को गुमराह करने के गंभीर आरोप लगे हैं। स्थानीय अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय संचालक बच्चों का दाखिला तो कर लेते हैं, लेकिन स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) और मार्कशीट देने में मनमानी करते हैं। टीसी जारी करने के नाम पर अभिभावकों से अवैध धन उगाही की जाती है और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। समय पर दस्तावेज न मिलने के कारण कई बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है, क्योंकि वे दूसरे विद्यालयों में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सुजावलपुर क्षेत्र में ‘ग्लोबल’ नाम से कई शिक्षण संस्थानों का प्रचार किया जा रहा है, जिनकी वैध मान्यता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उनका कहना है कि विद्यालय का पूरा तंत्र केवल फीस वसूली और अभिभावकों को भ्रमित करने पर केंद्रित है। इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्रीय अभिभावकों में भारी आक्रोश है। उन्होंने जिला प्रशासन और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी अनूप तिवारी से विद्यालय की तत्काल जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इस प्रकरण का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि यदि विद्यालय दोषी पाया जाता है, तो उसे सील किया जाएगा और वहां के बच्चों का दाखिला नजदीकी सरकारी विद्यालयों में कराया जाएगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments