श्रावस्ती जिले में डीजल वितरण के नियमों से परेशान एक किसान ने अनोखा तरीका अपनाया है। सिंचाई के लिए डिब्बे में डीजल न मिलने पर किसान अपना पंपिंग सेट (इंजन) लेकर ही पेट्रोल पंप पहुंच गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो बीते रविवार का बताया जा रहा है। यह मामला इकौना क्षेत्र के सेमरा अकबरपुर का है। यहां के निवासी किसान संजीव पासवान धान की नर्सरी की सिंचाई के लिए डीजल लेने पेट्रोल पंप गए थे। उनका आरोप है कि सुबह जब वे डिब्बे में डीजल लेने पहुंचे, तो पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने जिला आपूर्ति विभाग (DSO) के आदेश का हवाला देते हुए पर्याप्त डीजल देने से मना कर दिया। डीजल न मिलने से मजबूर होकर किसान संजीव पासवान का कहना है की लगभग दो किलोमीटर पैदल चलकर अपना पंपिंग सेट ही पेट्रोल पंप पर ले आए। उनका उद्देश्य था कि सीधे इंजन में ही डीजल भरवाया जा सके।उनके इंजन में पहिए लगे थे तो वह आसानी से अपना इंजन पंप तक ले आए। किसान संजीव पासवान ने बताया, “ट्रैक्टर मालिकों को आसानी से डीजल मिल जाता है, लेकिन हम जैसे छोटे किसानों को, जो पंपिंग सेट से सिंचाई करते हैं, भारी परेशानी हो रही है। कड़ी धूप में खेत सूख रहे हैं और धान की नर्सरी की बुवाई का समय निकल रहा है।” उन्होंने यह भी कहा कि पेट्रोल पंप कर्मचारियों की कोई गलती नहीं है, वे ऊपर से आए आदेश का पालन कर रहे हैं। धान की नर्सरी और गन्ने की सिंचाई के चरम मौसम में इस तरह के नियम से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। किसान अब प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि उनकी जरूरतों को देखते हुए डीजल वितरण के नियमों में व्यावहारिक राहत दी जाए, ताकि खेती का काम प्रभावित न हो। हालांकि, जिला आपूर्ति विभाग का कहना है कि ये नियम किसानों की सुविधा के लिए ही लागू किए गए हैं। विभाग को शिकायतें मिल रही थीं कि कई लोग बिना उपयोग के ही डीजल खरीद कर अनावश्यक भंडारण कर रहे हैं।
किसान पंपिंग सेट लेकर पहुंचा पेट्रोल पंप, VIDEO:श्रावस्ती में पर्याप्त डीजल न मिलने से परेशान, DSO के निर्देशों का हवाला देकर रोका
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












