गुरुवार को नगर पालिका सदर क्षेत्र के बैकुंठ धाम स्थित पुरानी नौगढ़ पुल के पास कूड़े के ढेर में आग लग गई। आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घना धुआं नेशनल हाईवे तक फैल गया, जिससे दृश्यता पांच मीटर तक कम हो गई। धुएं के कारण नेशनल हाईवे पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ। धुंध और धुएं के चलते कई बाइक सवार संतुलन खोकर गिर गए, जबकि कुछ वाहन डिवाइडर से टकरा गए। इस दौरान कुछ राहगीरों को हल्की चोटें भी आईं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बावजूद दमकल वाहन समय पर मौके पर नहीं पहुंच सका। हालांकि, सूचना मिलते ही नगर पालिका प्रशासन सक्रिय हो गया और तत्काल कार्रवाई शुरू की। नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव ने तुरंत कर्मचारियों की एक टीम को मौके पर भेजा और स्वयं भी स्थिति पर लगातार नजर रखी। नगर पालिका की टीम ने जेसीबी, पानी के टैंकर और अन्य संसाधनों का उपयोग कर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधिशासी अधिकारी अजय कुमार सिंह भी मौके पर मौजूद रहे और आग बुझाने की पूरी कार्रवाई की निगरानी करते हुए कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाते रहे। नगर पालिका कर्मियों की सक्रियता और त्वरित प्रयासों के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई। यदि आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता तो यह आसपास के क्षेत्रों में फैल सकती थी और नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव और अधिशासी अधिकारी अजय कुमार सिंह की तत्परता की सराहना की। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की टीम ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला, जिससे हालात और भयावह होने से बच गए। गुरुवार देर शाम तक नगर पालिका की टीम मौके पर मौजूद रहकर आग पूरी तरह बुझाने और धुएं को नियंत्रित करने में जुटी रही।
सिद्धार्थनगर में नौगढ़ पुल के पास कूड़े में लगी आग:बैकुंठ धाम के पास आग से हाईवे पर धुएं से अफरा-तफरी, कर्मचारियों ने काबू पाया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












