उतरौला (बलरामपुर)। मोहन जोत, पाला पाली में दोपहर दो बजे लगभग आग लगने से गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग पछुवा हवाओं से तेजी से फैलने लगी, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कई किसानों की फसल जल चुकी थी।
फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने पर आग पर काबू पाया जा सका। आग में मोहन जोत के किसान बुध राम, सुख देव यादव, मोहम्मद गुलाम, और असगर अली की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई है।
उप जिलाधिकारी उतरौला अभय कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजी गई और लेखपाल कानून गो को जांच के लिए भेज दिया गया है। आकलन करवा कर आवश्यक सहयोग किसानों को किया जाएगा।
आपदा मित्र मोहम्मद नसीम ने भी आग बुझाने के लिए अथक प्रयास किए। ग्रामीणों का कहना है कि आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल सका है।











