रिपोर्ट – गजेंद्र कुमार गुप्ता
कहते हैं कि अगर इरादे मजबूत हों, तो गरीबी, अभाव और कठिनाइयाँ भी मंज़िल तक पहुँचने से नहीं रोक सकतीं। इस बात को सच कर दिखाया है महराजगंज जनपद के मिठौरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा खोस्टा निवासी
मिथिलेश यादव ने। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS 2024) की परीक्षा में
सफलता हासिल कर मिथिलेश यादव नायब तहसीलदार पद पर चयनित हुए हैं।

अपमान को बनाया अपनी ताकत
मिथिलेश की सफलता की राह आसान नहीं थी। उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि एक समय ऐसा था जब परिवार की आर्थिक
स्थिति बेहद कमजोर थी। स्कूली दिनों में समय पर फीस जमा न होने के कारण उन्हें कई बार अपमानित होना पड़ता था। लेकिन उन्होंने उस अपमान को कमजोरी नहीं, बल्कि अपनी सबसे बड़ी ताकत बना लिया।
निचलौल से प्रयागराज तक का संघर्ष
मिथिलेश ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, निचलौल से पूरी की।
इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए वह गोरखपुर के महाराणा प्रताप कॉलेज पहुंचे।
फिर उन्होंने प्रयागराज को अपनी कर्मभूमि बनाकर प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी शुरू की।

रेलवे की नौकरी के साथ जारी रखी तैयारी
वर्तमान में मिथिलेश यादव रेलवे विभाग में जूनियर इंजीनियर (J.E.) के पद पर कार्यरत हैं।
नौकरी की व्यस्तताओं के बीच भी उन्होंने अपने लक्ष्य को कभी ओझल नहीं होने दिया और लगातार मेहनत करते रहे।
“अगर दिल में सच्ची इच्छा हो और मेहनत करने का इरादा, तो दुनिया का कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।”
परिवार हुआ भावुक, क्षेत्र में खुशी
मिथिलेश के पिता रामकिशुन यादव कृषि विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर आने वाले मिथिलेश की इस उपलब्धि पर परिवार बेहद भावुक है। उनके चाचा राम बेलाश ने इसे पूरे परिवार के वर्षों के संघर्ष और त्याग का फल बताया।
युवाओं के लिए प्रेरणा
मिथिलेश यादव की यह कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो संसाधनों की कमी को अपनी असफलता का कारण मान लेते हैं। एक साधारण परिवार से निकलकर नायब तहसीलदार बनना इस बात का प्रमाण है कि सफलता विरासत की मोहताज नहीं होती,
बल्कि यह कठिन परिश्रम, अनुशासन और अटूट संकल्प से हासिल की जाती है। मिथिलेश ने स्पष्ट किया कि उनका सफर यहीं समाप्त नहीं हुआ है। वह आगे भी उच्च पदों के लिए प्रयास जारी रखेंगे। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।











