कानपुर। मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 किलो 190 ग्राम गांजा बरामद किया है।
बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
जीआरपी कानपुर सेंट्रल प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में शनिवार को स्टेशन परिसर के सर्कुलेटिंग एरिया में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान आरपीएफ पोस्ट के पास बैरिकेडिंग के नजदीक एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके ट्रॉली बैग व पिट्ठू बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैगों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम रवि कुमार निवासी हजारीबाग, झारखंड बताया। पुलिस के मुताबिक आरोपित उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर लखनऊ जाने की फिराक में था और ट्रेन का इंतजार कर रहा था। बरामद गांजे का कुल वजन 10 किलो 190 ग्राम निकला।
जीआरपी ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित किन लोगों के संपर्क में था और गांजे की सप्लाई कहां की जानी थी? साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।












