#बस्ती_न्यूज
बस्ती पुलिस प्रशासन आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए मुस्तैद है। इसी क्रम में 30 जुलाई 2026 को थाना हर्रैया परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें डीजे संचालकों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होटल, ढाबा और लंगर संचालकों ने भाग लिया। बैठक प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देशन में की। बैठक में प्रभारी निरीक्षक ने कानून-व्यवस्था, स्वच्छता और जन-सुविधाओं को लेकर सख्त दिशानिर्देश जारी किए। डीजे संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे शासन द्वारा निर्धारित डेसीबल सीमा के भीतर ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग करें। अश्लील, भड़काऊ या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गीतों का प्रसारण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, ताकि शांति-व्यवस्था बनी रहे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होटल, ढाबा और लंगर संचालकों को भी विशेष हिदायतें दी गईं। उन्हें अपने परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने, स्वच्छ शौचालय उपलब्ध कराने और भोजन की दरें (रेट लिस्ट) स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का आदेश दिया गया। सुरक्षा के लिए सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए। प्रभारी निरीक्षक ने सभी संचालकों से कांवड़ यात्रियों और आमजन के साथ शालीन एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने की अपील की। उपस्थित सभी संचालकों ने पुलिस प्रशासन को नियमों का कड़ाई से पालन करने और कांवड़ यात्रा को अनुशासित व सुरक्षित बनाने में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
हर्रैया पुलिस ने डीजे, होटल संचालकों संग की बैठक:कांवड़ यात्रा में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित यात्रा के लिए दिशानिर्देश जारी
RELATED ARTICLES












