#बस्ती_न्यूज
बस्ती में शनिवार शाम करीब 6:10 बजे पूरे शहर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस तेज बारिश से जहां सड़कें जलमग्न हो गईं, वहीं उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को काफी राहत मिली। बारिश के कारण पारा 30 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। बारिश शुरू होते ही लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। मौसम विभाग ने पहले ही बस्ती समेत आसपास के क्षेत्रों के लिए बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी थी।
इस बारिश से किसानों में खासा उत्साह देखा गया। किसान कल्याण ने बताया कि इस समय धान की रोपाई का कार्य चल रहा है, ऐसे में प्राकृतिक रूप से हुई यह बारिश खेतों के लिए बेहद लाभकारी है। इससे सिंचाई का खर्च कम होगा और फसलों की अच्छी बढ़वार में मदद मिलेगी। किसानों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह बारिश होती रही तो धान की खेती को काफी फायदा होगा। हालांकि, सब्जी उत्पादकों के लिए यह बारिश चिंता का कारण भी बन सकती है। किसान राहुल पाल ने जानकारी दी कि अधिक बारिश से कई सब्जियों की फसल प्रभावित होने की आशंका है। खेतों में पानी भरने से नुकसान हो सकता है, जिसका असर आने वाले दिनों में बाजार में सब्जियों की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में झमाझम बारिश, उमस से मिली राहत:धान की रोपाई के लिए फायदेमंद, सब्जी उत्पादकों की चिंता बढ़ी
RELATED ARTICLES












