नई दिल्ली। Samsung, 22 जुलाई को अपने गैलेक्सी अनपैक्ड इवेंट में नए फोल्डेबल स्मार्टफोन्स को पेश करने जा रही है। बताया जाता है कि इस बार कंपनी नया वाइड फोल्डेबल उतार सकती है। एआई को लेकर भी नए इनोवेशंस, सैमसंग डिवाइस में देखने को मिल सकते हैं। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के सीईओ और वाइस प्रेसिडेंट TM Roh ने अपने नए लेख में एआई को लेकर कुछ खास बातें कही हैं। उनके अनुसार, इतिहास खुद को दोहराता है। दुनिया को बदलने वाली बड़ी खोजें अक्सर वो नहीं होतीं जो सबसे ज्यादा ताकतवर हों, बल्कि वो होती हैं जो हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन जाती हैं। बिजली ने दुनिया को तब नहीं बदला जब बड़े बिजली घर बने, बल्कि तब बदला जब घरों में एक छोटा सा स्विच आ गया। इंटरनेट हमारे काम का बना जब ब्राउजर आया और फोन इसलिए ताकतवर बने क्योंकि उसमें तरह-तरह के ऐप्स आ गए। एआई (AI) के साथ भी ऐसा ही होगा।
‘अब एजेंटिक एआई का दौर’
TM Roh का कहना है कि एआई अब तेजी से समझदार हो रहा है। यह और इंटेलिजेंट होगा। उनका कहना है कि एआई अब सिर्फ हमारे सवालों के जवाब नहीं देता। अब यह काम करने वाले दौर यानी एजेंटिक ऐज में जा रहा है, जहां आखिरी फैसला इंसान का होगा लेकिन हमारे हिस्से का काम एआई कर दिया करेगा। लेकिन किसी भी काम को करने से पहले, उसे उस इंसान को अच्छी तरह समझना होगा।
TM Roh के मुताबिक, एआई का सबसे अच्छा अनुभव हमें डिवाइसेज (जैसे- फोन या वॉच) से मिलेगा जो हमें सबसे अच्छे से जानते हैं। (REF. )
स्मार्ट ग्लास का भी किया जिक्र
TM Roh ने अपने लेख में स्मार्ट ग्लास का भी जिक्र किया है। उन्होंने कहा है कि फोन हमेशा हमारे पास रहता है। टैबलेट पर हम कुछ नया सीखते या बनाते हैं। वॉच हमारी नींद और दिल की धड़कन को मापती है। टीवी और घर के दूसरे सामान हमारी लाइफस्टाइल को समझते हैं और अब फोल्ड होने वाले फोन या स्मार्ट चश्मे जैसी नई चीजें इस दायरे को और बढ़ा रही हैं। ये सब मिलकर हमारी जरूरतों को पूरी तरह समझते हैं।
TM Roh का फोल्डेबल फोन के साथ स्मार्ट चश्मे की बात करना यह संकेत हो सकता है कि कंपनी अब स्मार्ट ग्लास को लॉन्च करने के बहुत करीब पहुंच गई है। हाे सकता है कि वह इसी गैलेक्सी इवेंट में स्मार्ट ग्लास को लॉन्च करके कोई सरप्राइज दे।
TM Roh का कहना है कि एक अच्छा एआई बैकएंड में चुपचाप अपना काम करता रहता है और आपके पूरे दिन के एक्सपीरियंस को आसान बना देता है।
एआई को पर्सनल और भरोसेमंद बनाना सबसे मुश्किल काम
TM Roh के अनुसार, एआई को पर्सनल और भरोसेमंद बनाना सबसे मुश्किल काम है। उन्होंने कहा है कि जैसे-जैसे एआई हमारे काम खुद करने लगेगा, भरोसा सबसे जरूरी चीज बन जाएगा।
लोगों को यह पता होना चाहिए कि एआई उनके लिए क्या कर रहा है और पूरा कंट्रोल इंसान के हाथ में ही होना चाहिए।
TM Roh का मानना है कि जब एआई एकसाथ कई कामों में मदद करता है, तो मुड़ने वाली स्क्रीन बहुत काम आती है। इसी तरह सेहत के मामले में भी एआई बहुत जरूरी है। अपकमिंग गैलेक्सी इवेंट में सैमसंग यह दिखाने वाली है कि ये सब चीजें एकसाथ मिलकर कैसे काम करती हैं।












