Homeक्राइम (Crime)"ममता, सेवा और समर्पण का सम्मान : डॉक्टर्स डे पर लेडी डॉक्टर...

“ममता, सेवा और समर्पण का सम्मान : डॉक्टर्स डे पर लेडी डॉक्टर ने बच्चों को दिए स्वस्थ जीवन और सफलता के मंत्र”

कायमगंज, फर्रुखाबाद। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे) के अवसर पर कायमगंज स्थित शकुन्तला देवी शिक्षण संस्थान में बुधवार को सम्मान, प्रेरणा और स्वास्थ्य जागरूकता से भरपूर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुकेशनी अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव और जीवन में सफलता प्राप्त करने के मूल मंत्र दिए। वहीं संस्थान की प्रबंधिका मोनिका अग्रवाल ने डॉक्टरों को मानवता का सबसे बड़ा सेवक बताते हुए कहा कि चिकित्सक धरती पर ईश्वर के स्वरूप हैं, जो अपने ज्ञान और सेवा से अनगिनत लोगों को नया जीवन प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत महान चिकित्सक डॉ. विद्यानन्द राय को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद डॉक्टरों के योगदान को याद करते हुए विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।

अपने संबोधन में प्रबंधिका मोनिका अग्रवाल ने कहा कि डॉक्टर का पेशा केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे डॉक्टरों के प्रति सम्मान का भाव रखें और स्वयं भी स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें।

मुख्य अतिथि डॉ. सुकेशनी अग्रवाल ने बदलते मौसम में फैलने वाली बीमारियों से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित भोजन, साफ़ पानी पीने और नियमित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया और कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां कई गंभीर बीमारियों से बचा सकती हैं।

Also Read : रक्तदान अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए गोरखपुर विश्वविद्यालय को ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस’ सम्मान – Breaking Tube

डॉ. अग्रवाल ने विद्यार्थियों को सफलता का सूत्र भी बताया। उन्होंने कहा कि जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए हार्डवर्क, कंसिस्टेंसी और डिटरमिनेशन तीन ऐसे गुण हैं, जिन्हें यदि कोई छात्र अपने जीवन का हिस्सा बना ले, तो उसके लिए कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रहेगा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुतीक्षण श्रीवास्तव ने कहा कि “पहला सुख निरोगी काया” केवल कहावत नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का सबसे बड़ा संदेश है। उन्होंने सभी चिकित्सकों को डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा “प्रश्न आपके, उत्तर हमारा” संवाद सत्र रहा, जिसका संचालन सुरभि श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वास्थ्य, खान-पान, स्वच्छता और दैनिक जीवन से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। डॉ. सुकेशनी अग्रवाल ने सहज और सरल भाषा में सभी जिज्ञासाओं का समाधान किया, जिससे बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और बढ़ी।

कार्यक्रम में ममता सिंह, सन्तोष शर्मा, शिल्की, लक्ष्मी, विकास, कमला, नेहा, प्रिया, शोभा, शशांक, मनोज, शायना, सुजाता सहित विद्यालय का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।

डॉक्टर्स डे के अवसर पर प्रस्तुत की गई भावपूर्ण पंक्तियों ने सभी का मन मोह लिया—

“ममता का रूप हैं आप, हर नारी का विश्वास हैं,
खिलती हैं आपसे खुशियाँ, आप सबसे खास हैं।
दर्द को जो पल में हर ले, ऐसी आपकी मुस्कान है,
एक माँ और बच्चे के लिए, आप ही भगवान हैं।”

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



#उत्तरप्रदेश #उत्तरप्रदेशन्यूज़ #यूपीन्यूज़ #UPNews #UttarPradeshNews #HindiNews #BreakingNews #आजकीखबर #ताज़ाखबर #यूपीसमाचार

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments