मुरादाबाद । ठाकुरद्वारा-मुरादाबाद हाईवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रहे विक्रम (स्थानीय यात्री वाहन) को जोरदार टक्कर मार दी और उसे करीब 150 मीटर तक घसीटते हुए ले गया।
हादसे में विक्रम चालक गुल हसन (45), निवासी गांव मासूमपुर, थाना डिलारी, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अज्ञात महिला ने भी मौके पर दम तोड़ दिया। इस हादसे में विक्रम में सवार सात अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिसके कारण ग्रामीणों को घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाना पड़ा।
सूचना मिलने पर विधायक नवाब जान मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
विधायक ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और घटना पर दुख जताया। उन्होंने सीओ से हाईवे पर डंपरों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग की। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।












