Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)रामरेखा आश्रम में लगा विशाल मेला:राम-सीता के रात्रि विश्राम स्थल पर उमड़ी...

रामरेखा आश्रम में लगा विशाल मेला:राम-सीता के रात्रि विश्राम स्थल पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


मंगलवार को रामायणकालीन पौराणिक स्थल रामरेखा आश्रम में एक विशाल क्षेत्रीय मेले का आयोजन किया गया। यह मेला प्रतिवर्ष चैत्र शुक्ल तेरस तिथि पर आयोजित होता है, जो भगवान राम और माता सीता के इस स्थान पर रात्रि विश्राम की स्मृति में मनाया जाता है। मेले में विभिन्न प्रकार के झूले, जंपिंग सरफेस, निशानेबाजी और रेलगाड़ी वाले झूले मुख्य आकर्षण रहे। खिलौनों की दुकानों पर बच्चों की भारी भीड़ उमड़ी। अयोध्या से आए दुकानदारों ने भगवान राम की मूर्तियां और तस्वीरें बेचीं। मिठाइयों में जलेबी की सर्वाधिक मांग रही, जबकि बांसुरी की दुकानों पर भी बच्चों का हुजूम देखा गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामरेखा नदी में स्नान करने के बाद मंदिर में स्थापित प्रभु श्री राम और माता जानकी की मूर्तियों के दर्शन और पूजन के लिए पहुंचे। यह परंपरा त्रेता युग से जुड़ी हुई है। रामरेखा मंदिर के पुजारी बाबा दया शंकर दास ने बताया कि त्रेता युग में माता सीता के स्वयंवर के बाद अयोध्या लौटते समय भगवान राम और माता सीता ने इसी स्थान पर रात्रि विश्राम किया था। उन्होंने बताया कि वह तिथि चैत्र शुक्ल तेरस ही थी, जिसके कारण प्रतिवर्ष इस तिथि पर विशाल मेले का आयोजन किया जाता है। मंदिर के सामने स्थित रामरेखा नदी के बारे में मान्यता है कि भगवान राम ने अपने तीर से रेखा खींचकर जलधारा बनाई थी। नदी के पास एक शिलापट भी लगा है, जिस पर मेले की तिथि चैत्र शुक्ल तेरस और रामरेखा नदी का नाम हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में अंकित है। आसपास के सैकड़ों गांवों जैसे छावनी, खम्हरिया, अमोढा, बनकटवा, जददूपुर, रूपगढ़, सेवरालाला, खेसुआ, चरथी और देवकली सहित अन्य स्थानों से लोग श्रद्धापूर्वक मेले में शामिल हुए। लोगों ने खिलौने, सौंदर्य प्रसाधन और बांसुरी सहित विभिन्न सामानों की जमकर खरीदारी की। इस दौरान क्षेत्रीय समाजसेवी रवि सिंह, सोहन यादव, आशीष सिंह सहित कई अन्य लोग भी मौजूद रहे।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments