#बस्ती_न्यूज
बस्ती के खरहरा गांव में रविवार शाम अज्ञात कारणों से लगी आग में चार परिवारों की रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। इस अग्निकांड में दो सगे भाइयों समेत चार परिवार प्रभावित हुए हैं। यह घटना वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत भादी बुजुर्ग के राजस्व गांव खरहरा में हुई। आग लगने के दौरान बिजली आने से ग्रामीणों ने तुरंत मोटर चलाकर पानी का इंतजाम किया, जिससे पास की अन्य चार झोपड़ियों को जलने से बचा लिया गया। घटना के वक्त परिवार के सभी वयस्क सदस्य मजदूरी करने दूसरे गांव गए हुए थे। घर पर केवल बच्चे मौजूद थे, जिन्होंने आग की लपटें देख भागकर अपनी जान बचाई। पीड़ितों में खरहरा निवासी राजेश पुत्र हजारी, बालकेश पुत्र राम अवध, और दो सगे भाई छोटू व अर्जुन पुत्रगण बंशराज शामिल हैं। इस भीषण अग्निकांड में चारों परिवारों का भारी नुकसान हुआ है। घर में रखा राशन, गृहस्थी का सारा सामान, साइकिल, चारा मशीन और किराने की दुकान के लिए रखी लकड़ी की गुमटी जल गई। इसके अलावा बच्चों की स्कूली साइकिल, किताबें, कॉपियां, ड्रेस, बैग के साथ-साथ बैंक पासबुक, आधार कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी आग की भेंट चढ़ गए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सूर्यप्रकाश उर्फ लल्लू शुक्ल ने घटना की सूचना प्रशासन को दी। मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल अवनीश सिंह ने चार रिहायशी झोपड़ियों और एक लकड़ी की गुमटी वाली दुकान के नुकसान का आकलन किया। उन्होंने देर शाम अपनी विस्तृत रिपोर्ट तहसील प्रशासन बस्ती सदर को सौंप दी है, ताकि पीड़ितों को सरकारी सहायता मिल सके।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
खरहरा में चार परिवारों की झोपड़ियां राख:अज्ञात कारणों से लगी आग, लाखों का सामान जला; बच्चों ने भागकर जान बचाईं
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












