Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)दैनिक भास्कर की खबर का असर:बस्ती के बभनपुरा संपर्क मार्ग पर ईंटें...

दैनिक भास्कर की खबर का असर:बस्ती के बभनपुरा संपर्क मार्ग पर ईंटें बिछाई गईं, आवागमन सुगम

#बस्ती_न्यूज

दैनिक भास्कर में प्रकाशित खबर का असर दिखा है। हल्की बारिश में जलमग्न होने वाले दुबौलिया ब्लॉक के बभनपुरा संपर्क मार्ग पर प्रशासन ने ईंटों के टुकड़े बिछवाकर आवागमन को अस्थायी रूप से सुगम बनाया है। यह संपर्क मार्ग दुबौलिया ब्लॉक की सेमरा ग्राम पंचायत के राजस्व गांव बभनपुरा को भटपुरा-राम जानकी मार्ग से जोड़ता है। हल्की बारिश में ही यह मार्ग जलमग्न हो जाता था, जिससे भटपुरा, बभनपुरा और नगरूपुर गांव के ग्रामीणों तथा स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार स्कूली बच्चे फिसलकर चोटिल भी हुए थे। दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया। तत्काल राहत के तौर पर मार्ग पर ईंटों के टुकड़े बिछवाए गए हैं, जिससे फिलहाल आवागमन कुछ हद तक सुगम हुआ है। हालांकि, यह व्यवस्था केवल अस्थायी समाधान है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें इस समस्या का स्थायी समाधान चाहिए। स्थानीय निवासी आज्ञा राम शर्मा, राम नेवास शर्मा, ब्रह्मा और परदूम ने बताया कि यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन वर्षों से इसकी स्थिति बदहाल है। उन्होंने प्रशासन से पक्की सड़क के निर्माण और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग दोहराई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र और स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो वे संबंधित अधिकारियों से मिलकर आंदोलन करने को विवश होंगे। ग्रामीणों ने दैनिक भास्कर की पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि अखबार की आवाज से उनकी स्थायी मांग पूरी हो सकेगी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments