HomeHealth & Fitnessऔरैया में हैवान बना पिता: 14 वर्षीय बेटी को पीटकर नहर में...

औरैया में हैवान बना पिता: 14 वर्षीय बेटी को पीटकर नहर में फेंका, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर

औरैया। जिले के सहार थाना क्षेत्र के बेला इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी 14 वर्षीय बेटी की बेरहमी से पिटाई करने के बाद उसे पटना नहर में फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल किशोरी किसी तरह नहर से बाहर निकल आई, जिसके बाद राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, किशोरी मूल रूप से कानपुर देहात के शिवली कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली है। पीड़िता ने बताया कि उसके पिता उसे बिधूना स्थित उसकी बुआ के घर छोड़ने के बहाने स्कूटी से लेकर निकले थे। रास्ते में बेला क्षेत्र के बडेराहार और बूंचपुर गांव के बीच सुनसान स्थान पर पिता ने स्कूटी रोक दी और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

बेरहमी से पीटने के बाद नहर में फेंका

किशोरी का आरोप है कि पिता ने उसे बुरी तरह पीटा और गंभीर रूप से घायल करने के बाद पटना नहर में फेंक दिया। सौभाग्य से नहर में पानी कम था, जिससे वह किसी तरह बाहर निकलने में सफल रही। सड़क किनारे लहूलुहान और बदहवास हालत में पड़ी किशोरी को देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बेला थाना प्रभारी निरीक्षक ललितेश नारायण त्रिपाठी और पुरवा सुजान चौकी प्रभारी संतोष कुमार मौके पर पहुंचे और किशोरी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार पहुंचाया।

शरीर पर गंभीर चोटों के निशान

सीएचसी सहार के चिकित्सक डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि किशोरी की दाहिनी आंख सहित शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पिता ने कबूला जुर्म

पुलिस की पूछताछ में आरोपी पिता ने अपनी बेटी के साथ मारपीट करने और नहर में फेंकने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी का दावा है कि उसकी बड़ी बेटी अपनी छोटी बहन को “गलत रास्ते” पर ले जाने का प्रयास कर रही थी। उसने बताया कि कई बार समझाने के बावजूद वह नहीं मानी, जिससे नाराज होकर उसने यह कदम उठाया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बेटी पर किन्नर होने का आरोप भी लगाया है। हालांकि पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

क्षेत्राधिकारी बिधूना पी. पुनीत मिश्रा ने बताया कि किशोरी की हालत फिलहाल स्थिर है। आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोग इस अमानवीय कृत्य की निंदा कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments