#बस्ती_न्यूज
नगर पंचायत रुधौली में लगातार बिजली कटौती और विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली से नाराज हिंदू युवा वाहिनी ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अहमद फरीद खान को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने शीघ्र कार्रवाई की मांग की। यह ज्ञापन निवर्तमान नगर अध्यक्ष राजकुमार सोनी के नेतृत्व में दिया गया। ज्ञापन में बताया गया कि नगर पंचायत के वार्ड संख्या-14 शास्त्री नगर समेत आसपास के क्षेत्रों में बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है। उमस भरी गर्मी में लगातार कटौती से आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई, व्यापारिक गतिविधियां और दैनिक कार्य बाधित हो रहे हैं, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। हिंदू युवा वाहिनी ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग के एसडीओ और जेई क्षेत्र में रात्रि निवास नहीं करते हैं। इस कारण आपात स्थिति में उपभोक्ताओं की शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं हो पाता। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों के सीयूजी (CUG) नंबरों पर बार-बार फोन करने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं की जाती, जिससे लोगों की समस्याएं बढ़ जाती हैं। संगठन ने एसडीएम से मांग की कि क्षेत्र में नियमित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। अनावश्यक बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसडीएम अहमद फरीद खान ने संबंधित विभाग से रिपोर्ट तलब कर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने व्यवस्था में सुधार के संकेत भी दिए। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी स्थानीय लोगों ने विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर बिजली उपकेंद्र का घेराव किया था। उस समय मुख्य रूप से व्यापारिक समुदाय के लोग इस आंदोलन में शामिल हुए थे। विभाग द्वारा सुधार का आश्वासन दिए जाने के बावजूद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी है, जिसके चलते एक बार फिर लोगों को आंदोलन का सहारा लेना पड़ा। इस दौरान भाजपा नेता अजय मिश्रा, उदय सोनी, चंद्रशेखर निषाद, विनोद साहनी, संजय राव, दिनेश चौरसिया, बब्बू चौधरी सहित हिंदू युवा वाहिनी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
रुधौली में हिंदू युवा वाहिनी ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन:बिजली कटौती और एसडीओ-जेई पर लगाए गंभीर आरोप
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












