सिद्धार्थनगर में त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के गोपिया गांव में सोने के आभूषण और नकदी दोगुना करने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि एक कथित तांत्रिक ने झाड़-फूंक और चमत्कारी प्रक्रिया का दावा कर उनका विश्वास जीता और असली सोने के जेवरात लेकर बदले में नकली आभूषण थमा दिए। इस संबंध में पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। गोपिया गांव निवासी विक्रम, संजू पत्नी राजकुमार और सरस्वती पत्नी प्रभु ने त्रिलोकपुर पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया है कि एक व्यक्ति लंबे समय से क्षेत्र में तांत्रिक क्रियाओं के जरिए लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा करता था। इसी दौरान उसने कई लोगों को सोने के आभूषण और नकदी को विशेष विधि से दोगुना करने का लालच दिया। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी ने विश्वास में लेकर उनके सोने के जेवरात और नकदी अपने कब्जे में ले ली। कुछ समय बाद उसने सामान वापस करते हुए दावा किया कि प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। शुरुआत में किसी को शक नहीं हुआ, लेकिन बाद में जब जेवरात की जांच कराई गई तो पता चला कि असली सोने के आभूषणों की जगह नकली जेवर रख दिए गए हैं। इसके बाद पीड़ितों को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित परिवारों का कहना है कि जब उन्होंने आरोपी से अपने असली जेवर और धनराशि लौटाने की मांग की तो वह लगातार बहाने बनाता रहा। आरोप है कि बाद में उसने धमकी भरे अंदाज में कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इसके बाद आरोपी का मोबाइल फोन बंद हो गया और वह क्षेत्र छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। पीड़ित परिवारों ने पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी कर उनकी रकम और जेवरात वापस दिलाने की मांग की है। वहीं, पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है।
सोना डबल करने के नाम पर लाखों की ठगी:सिद्धार्थनगर में असली जेवर लेकर थमाए नकली
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












