Homeदेश (National)भारत ने शुरू किया 'ऑपरेशन अमिस्ताद', एयरफोर्स के 2 विमानों से वेनेजुएला...

भारत ने शुरू किया ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’, एयरफोर्स के 2 विमानों से वेनेजुएला भेजी मदद

दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में दो शक्तिशाली भूकंप ने भीषण तबाही मचाई है। अब तक 920 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। बड़ी संख्या में अब भी लोग मलबे में दबे हैं। वेनेजुएला और अंतरराष्ट्रीय बचाव दल लोगों का पता लगाने में जुटे हैं। इस बीच कई देश वेनेजुएला की मदद को सामने आए हैं। भारत ने भी ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ शुरू किया है। इसके तहत भारत राहत सामग्री और 41 सदस्यीय बचाव टीम को भेजा है। शुक्रवार को यह टीम इंडियन एयरफोर्स के दो सी-17 ग्लोबमास्टर विमान से रवाना हो चुकी है।

विदेश मंत्री एस.जयशंकर ने एक्स पर लिखा, ‘ऑपरेशन अमिस्ताद शुरू हो गया है! भूकंप के बाद राहत कार्यों में मदद के लिए आज वायुसेना के दो सी-17 विमान जरूरी सहायता सामग्री लेकर वेनेजुएला के लिए रवाना हो गए हैं। इस सहायता में भारतीय सेना की अस्थायी अस्पताल यूनिट, 35 टन से अधिक राहत सामग्री, दवाइयां और चिकित्सा उपकरण शामिल हैं, दो भीष्म क्यूब (अस्थायी अस्पताल) भी हैं। भारत इस मुश्किल समय में वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों की मदद करने को प्रतिबद्ध है।’

यह भी पढ़ें: बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत से टकराया विमान, परखच्चे उड़े; खौफनाक वीडियो

‘वेनेजुएला के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े’

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘इस मुश्किल घड़ी में भारत, वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। भारत सरकार उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है, जिन्होंने अपनों को खोया है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती है। भारत, वेनेज़ुएला की सरकार के साथ मिलकर काम करता रहेगा। जरूरत पड़ने पर और मदद देने के लिए तैयार है।’

भारत के अलावा इन देशों ने भी भेजी मदद

विदेश मंत्रालय के मुताबिक वायुसेना के दोनों विमान शुक्रवार सुबह ही निकले हैं। विमान में सवार 41 सदस्यीय टीम वेनेजुएला में चल रहे राहत एवं बचाव कार्य में सहायता करेगी। टीम डॉक्टर और अनुभवी बचावकर्मी शामिल हैं। बता दें कि भारत के अलावा ब्राजील, कनाडा, मैक्सिको, कोलंबिया, अल सल्वाडोर, क्यूबा, अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र ने अपनी-अपनी सहायता टीमों को भेजा है, ताकि मलबे में दबे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके।

यह भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान वार्ता के वे 4 नाजुक मोड़ जहां से बिगड़ सकती है बात

वेनेजुएला में भूकंप ने कितनी बड़ी तबाही मचाई?

25 जून को वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंप ने सबकुछ तबाह कर दिया। सबसे अधिक नुकसान राजधानी काराकास के निकट बसे ला गुआइरा राज्य में देखने को मिला। गृह मंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने बताया कि यहां 100 से ज्यादा इमारतों गिर चुकी हैं। कम से कम 70 हजार परिवार प्रभावित हुए हैं। वेनेजुएला का मेन इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी भूकंप के बाद से बंद है।

वेनेजुएला की राष्ट्रीय विधानसभा के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज के मुताबिक मृतकों की संख्या बढ़कर 920 हो गई है। करीब 3000 लोग घायल हैं। स्वास्थ्य मंत्री कार्लोस अल्वाराडो ने बताया कि सैकड़ों लोग मलबे में फंसे हैं। अस्पताल मरीजों से भर चुके हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments