बहराइच। विद्युत विभाग ने कैसरगंज नगर में बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए एक सघन अभियान चलाया। इस दौरान विभाग ने लगभग तीन लाख रुपये का राजस्व एकत्र किया और लंबे समय से बिल जमा न करने वाले 10 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काट दिए यह विशेष अभियान पर्यवेक्षक एसडीओ योगेन्द्र बजाज के निर्देशन में संचालित किया गया। इसमें कैसरगंज टाउन एरिया के जेई युधिष्ठिर साहनी, कैसरगंज देहात जेई नंदलाल कनौजिया और भकला देहात जेई अनिल भारती, टीजी-2 विनोद गिरी, सुभाष मौर्या और अमित मौर्य सहित विभागीय टीम शामिल थी। अभियान के दौरान, विभागीय अधिकारियों ने घर-घर जाकर बकायेदार उपभोक्ताओं से संपर्क किया। उन्हें समय पर बिल जमा करने के लिए जागरूक किया गया और विद्युत आपूर्ति तथा अन्य तकनीकी समस्याओं के संबंध में फीडबैक भी लिया गया। जिन उपभोक्ताओं ने बिजली संबंधी शिकायतें दर्ज कराईं, उनका मौके पर ही निस्तारण करने का प्रयास किया गया। विभाग की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की। विद्युत विभाग के जेई अनिल भारती ने बताया कि तीन लाख रुपये की राजस्व वसूली के साथ-साथ उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपने बकाया बिजली बिल समय पर जमा करें, ताकि कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई से बचा जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी बकायेदारों के विरुद्ध इसी प्रकार के सघन अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
कैसरगंज में बिजली विभाग का सघन वसूली अभियान:तीन लाख राजस्व जमा, 10 बकायेदारों के कनेक्शन काटे
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












