श्रावस्ती के सिरसिया ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बुटहर के मजरा लोहनिया गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय लोहनिया तक जाने वाला खड़ंजा मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। इस खराब रास्ते के कारण ग्रामीणों, विद्यालय के शिक्षकों और बच्चों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमरजीत ने बताया कि मार्ग की खराब स्थिति के कारण उन्हें रोजाना विद्यालय पहुंचने में दिक्कत होती है। बच्चों को भी स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है। सहायक अध्यापक सौरभ कुमार पांडे के अनुसार, थोड़ी सी बारिश होने पर दोपहिया वाहन विद्यालय तक ले जाना असंभव हो जाता है। ऐसे में शिक्षकों को अपनी बाइक लगभग 400 मीटर दूर खड़ी करके पानी और कीचड़ के बीच पैदल विद्यालय पहुंचना पड़ता है। शिक्षामित्र राम तीरथ यादव ने जानकारी दी कि यह मार्ग गांव से निकलने वाला एक प्रमुख रास्ता है। ग्रामीण, किसान और राहगीर रोजाना इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। मार्ग की इतनी खराब स्थिति है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है, फिर भी लोग मजबूरी में इसी जर्जर रास्ते से गुजरते हैं। स्थानीय निवासी शेषराम, घनश्याम और छेदन सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने रास्ते की इस समस्या के बारे में कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया है। हालांकि, अभी तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान रास्ते पर जमा होने वाले कीचड़ और पानी से बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी होती है। ग्रामीणों और विद्यालय के शिक्षकों ने जिला प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों से इस जर्जर मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मार्ग के ठीक होने से विद्यालय आने वाले बच्चों, शिक्षकों के साथ-साथ ग्रामीणों, किसानों और राहगीरों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
सिरसिया के लोहनिया स्कूल का खड़ंजा मार्ग जर्जर:बारिश में 400 मीटर दूर छोड़नी पड़ती है बाइक
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












