श्रावस्ती जनपद के हरदत्त नगर गिरंट क्षेत्र स्थित बलिदान पुरवा गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। यहां सड़क और नालियों का निर्माण न होने से ग्रामीणों को दैनिक जीवन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव की आधी आबादी अब भी बिजली से महरूम है। पक्की सड़क के अभाव में आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। विशेषकर बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जब गांव की गलियां कीचड़ में बदल जाती हैं और घरों में पानी भर जाता है। ग्रामीण रामसेवक, श्यामलाल, मुन्नालाल, गुड्डू वर्मा और सावित्री देवी ने बताया कि बच्चों को स्कूल जाने में काफी परेशानी होती है। कई बार बच्चे कीचड़ में फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। किसान रमेश कुमार और मजदूर लल्लू ने कहा कि बारिश में गांव से बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं होता। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द गांव में सड़क, नाली और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि इन मूलभूत सुविधाओं के मिलने से ही बलिदान पुरवा गांव का समुचित विकास संभव हो पाएगा।
बलिदान पुरवा में बुनियादी सुविधाओं का अभाव:श्रावस्ती के ग्रामीण सड़क, नाली और बिजली से वंचित
RELATED ARTICLES












