- 25 जुलाई तक साथी पोर्टल पर करें पंजीकरण और प्रोफाइल अपडेट
बिजनौर। जनपद के सभी बीज निर्माता, बीज प्रोसेसर, थोक एवं फुटकर बीज विक्रेताओं के लिए भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा विकसित साथी (SATHI – Seed Authentication, Traceability & Holistic Inventory) पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला कृषि अधिकारी जसवीर सिंह तेवतिया ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा तक पंजीकरण एवं प्रोफाइल अपडेट न करने वाले लाइसेंसधारी बीज विक्रेताओं के विरुद्ध बीज लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि साथी पोर्टल का उद्देश्य बीज उत्पादन, भंडारण, परिवहन, वितरण और विक्रय व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी, डिजिटल एवं ट्रेसेबल बनाना है। पोर्टल के माध्यम से प्रत्येक बीज व्यवसायी का ऑनलाइन रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा, जिससे बीज की गुणवत्ता और प्रामाणिकता का सत्यापन आसान होगा तथा किसानों को प्रमाणित एवं गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था और मजबूत होगी।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार जनपद के सभी लाइसेंसधारी बीज निर्माता, प्रोसेसर तथा थोक एवं फुटकर विक्रेताओं का विवरण साथी पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज कराया जा रहा है। कृषि विभाग ने इसके लिए चरणबद्ध तरीके से डेटा फीडिंग का कार्य शुरू कर दिया है। पोर्टल के माध्यम से बीज की उत्पादन इकाई से लेकर किसान तक पूरी आपूर्ति श्रृंखला का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा, जिससे नकली, अमानक और अवैध स्रोतों से बिकने वाले बीजों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। साथ ही बीज संबंधी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण भी संभव होगा।
उन्होंने सभी बीज व्यवसायियों से 25 जुलाई, 2026 तक अपने लाइसेंस, आधार कार्ड, पैन कार्ड, जीएसटी विवरण (जहां लागू हो) तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने आवंटित लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से साथी पोर्टल पर लॉगिन कर प्रोफाइल अपडेट करने और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने की अपील की है।
जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि निर्धारित तिथि के बाद यदि कोई बीज विक्रेता साथी पोर्टल पर पंजीकरण या प्रोफाइल अपडेट किए बिना बीज व्यवसाय करता पाया गया तो उसके विरुद्ध तत्काल प्रभाव से बीज लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पोर्टल पर पंजीकरण या डेटा फीडिंग में किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर बीज विक्रेता जनपद के मास्टर ट्रेनर ओम ट्रेडिंग कम्पनी, बिजनौर, सिंह इंटरप्राइजेज, बिजनौर अथवा अपर जिला कृषि अधिकारी, बिजनौर के कार्यालय से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
जिला कृषि अधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि साथी पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन से बीज व्यवसाय में पारदर्शिता बढ़ेगी, किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध होंगे तथा कृषि क्षेत्र में तकनीक आधारित सुशासन को नई गति मिलेगी।












