Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)हरदत्त नगर गिरन्ट में पांच गांवों का मुख्य मार्ग जर्जर:आवागमन बाधित, ग्रामीण...

हरदत्त नगर गिरन्ट में पांच गांवों का मुख्य मार्ग जर्जर:आवागमन बाधित, ग्रामीण वर्षों से परेशान; निर्माण की मांग


श्रावस्ती जिले के जमुनहा ब्लॉक के हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र में पांच गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग वर्षों से जर्जर स्थिति में है। शहादत नगर, गणेशपुर, रानीपुर, इंसान पुरवा और सिटकहना गांवों के निवासियों को इस मार्ग से आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मार्ग पूरी तरह से कच्चा और उबड़-खाबड़ है, जिस पर डामर का नामोनिशान नहीं है। हल्के वाहनों के गुजरने पर धूल का गुबार उठता है। बारिश के मौसम में सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे कीचड़ से भर जाते हैं, जिससे आवागमन और भी मुश्किल हो जाता है। मार्ग की जर्जर स्थिति का सबसे अधिक असर बीमारों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को गांव तक पहुंचने में काफी दिक्कत होती है। खराब सड़क के कारण मरीजों को तेज झटकों का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी हालत बिगड़ने का खतरा बना रहता है। रोजाना स्कूल जाने वाले बच्चों को भी इसी धूल भरे और ऊबड़-खाबड़ रास्ते से गुजरना पड़ता है, जिससे उनके स्वास्थ्य और कपड़ों पर बुरा असर पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार फिसलन और गड्ढों की वजह से बाइक सवार गिरकर चोटिल हो चुके हैं। रिक्शा और अन्य गाड़ियां भी कीचड़ में फंस जाती हैं। किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे वाहनों के रखरखाव का खर्च बढ़ गया है और समय की बर्बादी होती है। स्थानीय निवासी जुबेर, रफीक, अलगू, माजिद अली और सैलून सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है। ग्राम प्रधान मुन्ना सिंह ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि संबंधित विभाग से बात कर समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments