मैगलगंज-खीरी,23 अगस्त(तरुणमित्र)। परिवहन विभाग द्वारा क्षेत्र में यातायात नियमों के अनुपालन एवं अवैध रूप से संचालित वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व एआरटीओ (प्रवर्तन) कौशलेन्द्र सिंह ने किया।
चेकिंग के दौरान दस्तावेजों एवं नियमों की अनदेखी पाए जाने पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो टेंपो तथा एक डबल डेकर बस को सीज कर दिया गया। कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच कर परमिट, फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की पड़ताल की
एआरटीओ कौशलेन्द्र सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन स्वामियों और चालकों से सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखने तथा नियमों का पालन करने की अपील की।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध एवं नियम विरुद्ध संचालित वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।












