श्रावस्ती जनपद के जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र स्थित मल्हीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) को जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बेहद खराब स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और जलभराव होने से मरीजों, एंबुलेंस चालकों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग मल्हीपुर CHC तक पहुंचने का एकमात्र रास्ता है, जिससे दिनभर मरीजों और एंबुलेंस का आवागमन होता है। सड़क की यह बदहाल स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, जिससे आपातकालीन सेवाओं और सामान्य आवाजाही में गंभीर बाधा आ रही है। स्थानीय ग्रामीणों रामलाल, शरीफ अहमद, राजेश कुमार और मुन्नी देवी ने बताया कि हल्की बारिश होते ही सड़क तालाब जैसी हो जाती है। बरसात के मौसम में अस्पताल तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाता है। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने के कारण कई बाइक सवार गिरकर घायल हो चुके हैं। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है, जिससे हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। वहीं, ग्राम प्रधान ने जानकारी दी कि सड़क निर्माण के लिए संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेज दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को इस समस्या से निजात मिल सकेगी।
मल्हीपुर CHC मार्ग खस्ताहाल:मरीजों, ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी
RELATED ARTICLES











