लखनऊ। अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मलिहाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गैर-जमानती वारंट (NBW) के तहत लंबे समय से फरार चल रहे दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार माननीय न्यायालय द्वारा वाद संख्या 81963/2021 एवं अपराध संख्या 324/2019, धारा 323, 504 और 506 आईपीसी से संबंधित गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। दोनों आरोपी लगातार न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहे थे और फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए मलिहाबाद पुलिस लगातार दबिश और तलाश अभियान चला रही थी।
इसी क्रम में 8 जून 2026 को क्षेत्र भ्रमण और वांछित अपराधियों की तलाश के दौरान पुलिस टीम ने मोहल्ला बस्ती धनवन्तराय स्थित उनके आवास पर दबिश दी। यहां से दोनों वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान उन्हें वारंट और गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी दी गई तथा नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बाबूलाल (50 वर्ष) और उसके पुत्र राजा उर्फ अभिषेक (26 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मलिहाबाद क्षेत्र के मोहल्ला बस्ती धनवन्तराय के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय से फरार चल रहे वारंटियों और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून से बचने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












