HomeHealth & Fitnessमणिपुर : सुरक्षा बलों का उग्रवाद और ड्रग नेटवर्क पर कड़ा प्रहार,...

मणिपुर : सुरक्षा बलों का उग्रवाद और ड्रग नेटवर्क पर कड़ा प्रहार, हथियार और नकदी जब्त

इम्फाल। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने बीते 24 घंटे में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में कई सक्रिय उग्रवादियों तथा मादक पदार्थों के तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन अभियानों के दौरान हथियार, गोला-बारूद, भारी मात्रा में नकदी और संदिग्ध ब्राउन शुगर भी बरामद की गई।

मणिपुर पुलिस ने शनिवार को आधिकारिक रूप से बताया कि, शुक्रवार को सुरक्षा बलों ने थौबल जिले के लांगाथेल खोंगजोम रोड क्षेत्र से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के सक्रिय सदस्य कंगाबाम डेनी सिंह उर्फ बोनी (40) को गिरफ्तार किया।

इसी दिन आरपीएफ/पीएलए के दो सक्रिय सदस्यों को भी उनके घरों से पकड़ा गया। इनमें संगठन का एक कथित वसूलीकर्ता तथा इम्फाल वेस्ट का वित्त सचिव भी शामिल है। इनके कब्जे से दो पिस्तौल, दो बंदूकें और बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

एक अन्य कार्रवाई में मणिपुर पुलिस ने इम्फाल ईस्ट जिले के निवासी निंगथौजाम अकंगनबा मैतेई (27) को वर्ष 2023 में एमपीटीसी पांगेई शस्त्रागार लूटकांड तथा एक रिहायशी इलाके में गोलीबारी की घटना में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया।

चुराचांदपुर जिले में चलाए गए एक अन्य अभियान के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 2.5 किलो संदिग्ध ब्राउन शुगर, 31.43 लाख नकद, एक बोलेरो वाहन तथा एक नकदी गिनने की मशीन जब्त की।

इससे पहले को तेंगनौपाल जिले के सीमा स्तंभ-86 के निकट सुरक्षा बलों ने पीएलए के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपित थौबल जिले के निवासी हैं।

राज्य में उग्रवादी गतिविधियों, अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सुरक्षा बलों और मणिपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments