Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)पुरुष की अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में निकला गर्भाशय:बस्ती के निजी अस्पताल पर लापरवाही...

पुरुष की अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में निकला गर्भाशय:बस्ती के निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, CMO से कार्रवाई की मांग

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जिले के एक निजी अस्पताल पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगा है। लालगंज थाना क्षेत्र के चौबाह गांव निवासी एक पुरुष मरीज की अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में गर्भाशय का उल्लेख किया गया है। इस रिपोर्ट को देखकर मरीज हैरान रह गया और उसने मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। चौबाह गांव के सुनील कुमार पाल ने सीएमओ को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 30 अप्रैल 2026 को वे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल गए थे। वहां डॉक्टर अनिल कुमार चौधरी ने उन्हें अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। आरोप है कि अस्पताल में हुए अल्ट्रासाउंड में गंभीर लापरवाही बरती गई। रिपोर्ट में मरीज का लिंग गलत दर्ज किया गया और महिला संबंधी विवरण शामिल कर दिया गया। इतना ही नहीं, अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में गर्भाशय से संबंधित टिप्पणी भी अंकित थी। पीड़ित के अनुसार, इसी गलत रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टर ने दवाएं लिखीं। सुनील कुमार पाल ने लगभग 10 से 15 दिनों तक इन दवाओं का सेवन किया, लेकिन उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ। बाद में दूसरे चिकित्सक से परामर्श लेने पर उन्हें पता चला कि उनकी अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट पूरी तरह गलत थी। सुनील कुमार पाल का आरोप है कि जब वे गलत रिपोर्ट को लेकर संबंधित डॉक्टर के पास पहुंचे और स्पष्टीकरण मांगा, तो डॉक्टर और अस्पताल कर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत स्वास्थ्य विभाग से की। सुनील कुमार पाल ने दोषी डॉक्टर, अस्पताल प्रबंधन और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सीएमओ राजीव निगम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments