HomeHealth & Fitnessकिशनगंज में 9,672 से अधिक एलपीजी सिलेंडर स्टॉक, आपूर्ति व होम डिलीवरी...

किशनगंज में 9,672 से अधिक एलपीजी सिलेंडर स्टॉक, आपूर्ति व होम डिलीवरी सामान्य

किशनगंज। जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और सुचारू बनी हुई है। रविवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों का स्टॉक 9,672 से अधिक है। गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी की व्यवस्था भी सुचारू रूप से संचालित हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है।

उपभोक्ता घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं और उन्हें दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार, शहरी उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए धावा दल द्वारा नियमित रूप से छापेमारी की जा रही है और शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित हो रहा है।

कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 06456-225152 है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल एलपीजी गैस से संबंधित कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।

 

 

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments