सिद्धार्थनगर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के तहत योग सप्ताह का शुभारंभ सोमवार को जिला अलंकृत उद्यान पार्क में उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस अवसर पर सांसद जगदंबिका पाल, नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष गोविंद माधव, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि योग को अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है। पाल ने जोर दिया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवनशैली है जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। उन्होंने लोगों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष गोविंद माधव ने कहा कि योग स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण का आधार है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अनियमित खानपान और बदलती जीवनशैली के कारण विभिन्न स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं, ऐसे में योग सबसे प्रभावी और सहज समाधान के रूप में सामने आया है।
माधव ने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और छात्र-छात्राओं से नियमित योगाभ्यास करने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। योग सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर पार्क में एक साथ सैकड़ों लोगों ने योगाभ्यास कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। छात्र-छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। वक्ताओं ने बताया कि नियमित योग से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा व्यक्ति का शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर होता है।












