HomeHealth & FitnessMumbai: मोबाइल पर बात करते हुए खुले मैनहोल में गिरा शख्स; हुई...

Mumbai: मोबाइल पर बात करते हुए खुले मैनहोल में गिरा शख्स; हुई मौत!

मुंबई। मुंबई में मॉनसून की दस्तक के बाद हो रही लगातार बारिश के बीच गुरुवार, (2 जुलाई) को साकीनाका इलाके में एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां सड़क पर खुले मैनहोल में गिरने से एक 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान यादव नगर के रहने वाले असलम इसाक शेख के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार दोपहर करीब 12:26 बजे खैरानी रोड स्थित ‘सन्मान होटल’ के पास, एस. जे. स्टूडियो के समीप हुई। मौके पर निजी ठेका कंपनी के तीन कर्मचारी एक वाहन के साथ सीवर लाइन के रखरखाव का कार्य कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मैनहोल का ढक्कन खोल रखा था। इसी बीच मोबाइल फोन पर बात करने में व्यस्त सड़क से गुजर रहे असलम शेख का ध्यान खुले मैनहोल पर नहीं गया और वह उसमें गिर गए। कर्मचारियों ने तुरंत सीढ़ी डालकर उनकी तलाश की, लेकिन अंदर केवल उनकी छतरी और चप्पलें ही मिलीं। तेज पानी के बहाव के चलते यह पता नहीं चल सका कि वह किस दिशा में बह गए। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दमकल की टीम ने शेख को गंभीर हालत में निकाला। उन्हें 108 एंबुलेंस से राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जांच में जुटी पुलिस..
फिलहाल, मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि मैनहोल के काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। इसके अलावा हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका क्या थी? यह हादसा मुंबई में ऐसे वक्त पर सामने आया है जब कुछ दिन पहले मुंबई की महापौर रितू तावड़े के सामने बीएमसी का एक स्टॉफ ही खुली ड्रेन में गिर गया था। इतना ही बारिश के बाद चेंबूर में बस पर पेड़ गिरने की घटना में एक 11 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत पर बीएमसी पहले से ही विपक्ष के निशाने पर है। अब साकीनाका की घटना ने बीएमसी की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बता दें कि मौसम विभाग ने मुंबई में बारिश के लिए येलो अलर्ट और एमएमआर के कुछ इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया। कल से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते बीएमसी प्रशासन की ओर से आज स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments