Homeजिला / लोकल (Local News)नेपाल का मुस्तांग जिला : हिमालयी संस्कृति, साहसिक पर्यटन का आकर्षक गंतव्य

नेपाल का मुस्तांग जिला : हिमालयी संस्कृति, साहसिक पर्यटन का आकर्षक गंतव्य


काठमांडू। नेपाल के मुस्तांग जिले को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में तेजी से पहचान मिल रही है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी भू-भाग, प्राचीन संस्कृति और धार्मिक विरासत घरेलू तथा विदेशी पर्यटकों को आकर्षित कर रही है।
नेपाल के हिमालयी रेगिस्तान के नाम से प्रसिद्ध मुस्तांग ऊंचाई वाले क्षेत्र में स्थित है। यहां स्थित मुक्तिनाथ मंदिर हिंदू और बौद्ध श्रद्धालुओं का एक पवित्र तीर्थस्थल है। हर वर्ष हजारों श्रद्धालु इस मंदिर के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।मुस्तांग के अन्य प्रमुख आकर्षणों में ऐतिहासिक लो मान्थांग दरबार, पत्थरों से बने पारंपरिक बस्तियां तथा कालीगण्डकी नदी के सुंदर तटीय क्षेत्र शामिल हैं।
पर्यटन कारोबारियों के अनुसार सड़क और हवाई संपर्क में सुधार होने के बाद हाल के वर्षों में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। विशेष रूप से पोखरा से सड़क मार्ग के जरिए आने वाले घरेलू पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ी है।
पर्यटक हिमालयी दृश्यावलोकन, मोटरबाइक और जीप यात्रा, ट्रैकिंग तथा धार्मिक पर्यटन के लिए मुस्तांग पहुंचते हैं। विदेशी पर्यटक यहां की अनोखी भौगोलिक संरचना, तिब्बती प्रभाव वाली संस्कृति और साहसिक पर्यटन गतिविधियों से विशेष रूप से आकर्षित होते हैं।
होटल कारोबारियों का कहना है कि यहां भारत के अलावा यूरोप, अमेरिका, चीन और दक्षिण एशियाई देशों से आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों का मानना है कि मुस्तांग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रचारित करने के लिए आधारभूत संरचना, स्वच्छता, सुरक्षित यात्रा मार्ग तथा पर्यटक-अनुकूल सेवाओं का विस्तार जरूरी है। मुस्तांग धीरे-धीरे नेपाल के पर्यटन क्षेत्र के एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में स्थापित हो रहा है।
 
 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments