लखनऊ। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निदेर्शानुसार 12 सितम्बर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ मलखान सिंह तथा नोडल अधिकारी प्रकाश तिवारी के निर्देशन में जनपद की दीवानी न्यायालय परिसर, समस्त तहसीलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लोक अदालत संबंधी प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
इस लोक अदालत में दीवानी, वैवाहिक, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, बैंक ऋण वसूली, श्रम, विद्युत, राजस्व, पारिवारिक, चेक बाउंस, प्री-लिटिगेशन तथा अन्य सुलह योग्य वादों का निस्तारण आपसी समझौते के आधार पर किया जाएगा। इस अदालत द्वारा दिया गया निर्णय अंतिम एवं बाध्यकारी होता है।








