बरवर-खीरी,11 जून(तरूणमित्र)। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को चौकी बरवर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक पसगवां जितेंद्र सिंह ने की।
बैठक में चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह ने उपस्थित गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं ताजियादारों से मुहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दें।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी के सहयोग से पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में क्षेत्र के सम्मानित नागरिक, जनप्रतिनिधि, ताजियादार एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने मुहर्रम पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग का आश्वासन दिया।












