HomeHealth & Fitnessपेट्रोल-डीजल ने फिर बढ़ाई आम आदमी की मुश्किलें, लगातार दूसरी बार महंगा...

पेट्रोल-डीजल ने फिर बढ़ाई आम आदमी की मुश्किलें, लगातार दूसरी बार महंगा हुआ ईंधन

नई दिल्ली। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। सरकारी तेल कंपनियों ने मंगलवार को पेट्रोल और डीजल के दाम में करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक का इजाफा किया है। खास बात यह है कि महज एक हफ्ते के भीतर यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है, जिससे आम लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
इससे पहले शुक्रवार को केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। उस फैसले के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया था। अब नई बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल 98.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
देश के अन्य महानगरों में भी ईंधन की कीमतों में तेजी देखने को मिली है। मुंबई में पेट्रोल 107.59 रुपये और डीजल 94.08 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं कोलकाता में पेट्रोल 109.70 रुपये और डीजल 96.07 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। चेन्नई में पेट्रोल 104.49 रुपये और डीजल 96.11 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान-अमेरिका-इजराइल संघर्ष के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है। होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ने से वैश्विक ऊर्जा संकट गहरा गया है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत करीब 100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच चुकी है।
पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार हालिया मूल्य वृद्धि के बाद सरकारी तेल कंपनियों के घाटे में कुछ कमी आई है। पहले जहां कंपनियों को प्रतिदिन करीब 1000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा था, वहीं अब यह घटकर लगभग 750 करोड़ रुपये रह गया है। सरकार ने फिलहाल तेल कंपनियों को किसी तरह की सब्सिडी या राहत पैकेज देने से इनकार किया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments