बस्ती जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत खोराखार गांव में मंगलवार सुबह एक 24 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान अभिषेक कुमार पुत्र मंजीश कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सोनहा थाना क्षेत्र के पिटउट गांव का निवासी था। जानकारी के अनुसार, अभिषेक अपने मौसा के साथ खोराखार में एक किराए के मकान में रहकर प्लंबर का काम करता था। बताया गया कि मृतक के मौसा दो दिन पहले गेहूं की कटाई के लिए अपने गांव चले गए थे। मंगलवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने कमरे की छत की कुंडी से रस्सी के सहारे अभिषेक का शव लटकता देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य और नमूने एकत्रित किए। चौकी प्रभारी राम अशोक यादव ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल मोती चंद ने बताया कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती न्यूज़: आज की ताज़ा खबर












