लखनऊ। चिनहट थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर फायरिंग और मारपीट करने का आरोप एक रिटायर्ड फौजी और उसके परिवार पर लगा है। पीड़ित पक्ष ने पड़ोसी समेत कई लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच कर दी है।
कंचनपुर मटियारी निवासी अभिनेश कुमार यादव के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब 8:30 बजे उनके मकान के दूसरे तल पर छत डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान पड़ोसी संतोष कुमार सिंह, उनकी पत्नी सीमा सिंह, बेटे और दो-तीन अन्य लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि संतोष कुमार सिंह ने अपने रिवॉल्वर/पिस्टल से अभिनेश के भाई अरुण कुमार यादव पर जान से मारने की नीयत से फायर किया, हालांकि गोली मिस हो गई। इसके बाद असलहे की बट से अरुण के माथे, चेहरे और नाक पर हमला किया गया। वहीं महिला पर गुम्मा फेंककर मारने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी खुद को रिटायर्ड फौजी बताते हुए धमकी देता है। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि यदि लोग मौके पर नहीं पहुंचते तो आरोपित गंभीर घटना को अंजाम दे सकते थे। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












