बलरामपुर। मिशन शक्ति पंचम चरण के द्वितीय चरण के तहत बलरामपुर पुलिस ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, शिवपुरा ललिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय व क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में थाना ललिया प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान एंटी रोमियो टीम/मिशन शक्ति टीम प्रभारी उपनिरीक्षक राम शरण यादव, महिला मुख्य आरक्षी गीता वर्मा और महिला आरक्षी आरती मिश्रा ने छात्राओं को विभिन्न गतिविधियों में शामिल किया। बच्चियों ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ विषय पर आधारित एक लघु नाटक प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त, खो-खो और दौड़ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चियों ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर ‘सशक्त नारी समृद्ध प्रदेश’ के उद्देश्य को चरितार्थ किया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला अपराध, महिला हिंसा, लैंगिक उत्पीड़न जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें साइबर अपराधों जैसे ओटीपी शेयरिंग, लकी ड्रा फ्रॉड कॉल, स्मार्ट एडिटिंग वीडियो कॉल, बैंकिंग फ्रॉड और पेंशन धोखाधड़ी से बचाव के तरीके भी बताए गए। पुलिस टीम ने छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (यूपी आपातकालीन), 102/108 (एम्बुलेंस), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1930/155260 (साइबर हेल्पलाइन) और 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) के बारे में भी अवगत कराया। साथ ही, मादक पदार्थों के सेवन के दुष्परिणामों, यातायात नियमों, बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की वार्डन सुनीता मौर्य ने बच्चियों का हौसला बढ़ाया। दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साहवर्धन हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।
कस्तूरबा गांधी विद्यालय में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान:महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और सामाजिक कुरीतियों पर दी जानकारी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











