सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु, सिद्धार्थनगर में 29 जून 2026 को दशम दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल इसकी अध्यक्षता करेंगी। पर्यावरणविद् डॉ. मधुलिका अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगी, जबकि उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। समारोह से पहले, विश्वविद्यालय में विद्या परिषद और कार्य परिषद की बैठक हुई। इसके बाद पूरे कार्यक्रम का अंतिम पूर्वाभ्यास संपन्न किया गया। इस दौरान कुलपति प्रो. कविता शाह, कुलसचिव डॉ. अश्वनी कुमार, कार्य परिषद और विद्या परिषद के सदस्यों ने विद्वत पारियात्रा के साथ तैयारियों का जायजा लिया। इस वर्ष विश्वविद्यालय की कार्य परिषद में दो नए सदस्य शामिल होंगे। इनमें इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति अनिल कुमार और बापू महाविद्यालय, पीपीगंज, गोरखपुर की प्राचार्य डॉ. मंजू मिश्रा शामिल हैं, जिन्हें जनभवन द्वारा नामित किया गया है। दीक्षांत समारोह में कुल 19 कार्य परिषद सदस्य और 51 विद्या परिषद सदस्य भाग लेंगे। राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल का आज शाम सिद्धार्थ विश्वविद्यालय आगमन प्रस्तावित है। उनके सम्मान में विश्वविद्यालय के कला संकाय सभागार में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। दीक्षांत समारोह का शुभारम्भ कल सुबह 10:00 बजे वंदे मातरम् और राष्ट्रगीत की प्रस्तुति से होगा। इसका समापन राष्ट्रगान और विद्वत पारियात्रा के प्रत्यावर्तन के साथ किया जाएगा। इस वर्ष दीक्षांत समारोह का मुख्य आकर्षण स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी होंगे। विश्वविद्यालय द्वारा कुल 37 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 13 डोनर स्वर्ण पदक शामिल हैं। विशेष रूप से, 13 ऐसे विद्यार्थी हैं जिन्हें दो या दो से अधिक स्वर्ण पदक मिलेंगे। समारोह में पीएच.डी. उपाधि प्राप्त करने वाले शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चार शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा लिखित आठ पुस्तकों का लोकार्पण, दीक्षा उत्सव कार्यक्रम की झलकियां पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन, नवनिर्मित बालगृह ‘किलकारी’ और दिव्यांगजन सुविधायुक्त डिजिटलाइज्ड लाइब्रेरी का लोकार्पण भी कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण होंगे।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में दशम दीक्षांत समारोह की तैयारियां पूरी:राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी अध्यक्षता, 37 स्वर्ण पदक दिए जाएंगे
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












