Homeजिला / लोकल (Local News)राष्ट्रपति पहुंचीं ग्वालियर, कूनो नेशनल पार्क का करेंगी भ्रमण

राष्ट्रपति पहुंचीं ग्वालियर, कूनो नेशनल पार्क का करेंगी भ्रमण


भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इन दिनों मध्य प्रदेश के प्रवास पर हैं। रविवार को जबलपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद राष्ट्रपति विशेष विमान से ग्वालियर पहुंचीं। ग्वालियर विमानतल पर उनका आत्मीय स्वागत हुआ। राष्ट्रपति श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क के पालपुर जाएंगीं।
इससे पहले राष्ट्रपति जबलपुर से ग्वालियर के लिए रवाना हुईं। जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर उनके साथ अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति मुर्मु वायुसेना के विमान से दोपहर 2.40 बजे ग्वालियर के महाराजपुरा स्थित वायुसेना के विमानतल पहुंचीं। उनके साथ मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी थे। राष्ट्रपति का ग्वालियर विमानतल पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं जल संसाधन एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्ज मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह एवं महापौर शोभा सतीश सिकरवार ने भी पुष्प-गुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
विमानतल पर अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव, होमगार्ड डीजी प्रज्ञा रिचा श्रीवास्तव, संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, आईजी अरविंद कुमार सक्सेना, डीआईजी असित यादव, कलेक्टर रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय एवं वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
राष्ट्रपति मुर्मु और राज्यपाल पटेल कुछ देर रुकने के पश्चात हेलीकॉप्टर से श्योपुर जिले के कूनों के लिये रवाना हुए। राष्ट्रपति श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क के पालपुर जाएंगी, जहां वे बोत्सवाना से लाए गए चीतों के बाड़ों, उनकी देखरेख और प्रोजेक्ट चीता की प्रगति की जानकारी लेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु कूनो नेशनल पार्क में रात्रि विश्राम के बाद सोमवार, 22 जून को चीता सफारी करेंगी, साथ ही चीता मित्रों, चीता मॉनिटरिंग टीम के सदस्यों और कूनो के गाइडों से भी मिलेंगी।
राष्ट्रपति मुर्मु कूनो भ्रमण के बाद 22 जून को प्रात: 10.40 बजे हेलीकॉप्टर से ग्वालियर विमानतल महाराजपुरा आएंगीं। कुछ देर रुकने के बाद वे वायुसेना के विमान से नई दिल्ली के लिये रवाना होंगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments