#बस्ती_न्यूज
बस्ती। परशुरामपुर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय सरनामगंज के प्रभारी प्रधानाध्यापक ललित कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उन पर शराब के नशे में विद्यालय आने और बिना सूचना के लगातार अनुपस्थित रहने का आरोप है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अनूप कुमार ने निलंबन अवधि में उन्हें विक्रमजोत विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय मलौली गोसाईं से संबद्ध किया है। मामले की जांच गौर के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को सौंपी गई है। यह कार्रवाई परशुरामपुर के बीईओ द्वारा 19 अगस्त को किए गए विद्यालय निरीक्षण के बाद हुई। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका की जांच में प्रभारी प्रधानाध्यापक 8 अगस्त से लगातार अनुपस्थित पाए गए। वह एफएलएन प्रशिक्षण में भी शामिल नहीं हुए थे। निरीक्षण में विद्यालय की व्यवस्थाओं में कई खामियां सामने आईं। मिड-डे मील (एमडीएम) पंजिका की जांच में खुलासा हुआ कि 6 से 16 अगस्त तक मध्याह्न भोजन योजना का संचालन बंद था। विद्यालय कर्मचारियों ने बीईओ को बताया कि लगभग एक सप्ताह पहले 5 से 6 बोरी खाद्यान्न बेच दिया गया था। विद्यालय की चहारदीवारी के पास शराब और पानी की खाली बोतलें भी मिलीं, जिससे परिसर में अनुशासन और निगरानी पर सवाल उठे। जांच के दौरान विद्यालय की रंगाई-पुताई और साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं पाई गई। निरीक्षण के समय एमडीएम के तहत खिचड़ी बनी थी, लेकिन बच्चों को दूध वितरित नहीं किया गया था। कर्मचारियों ने यह भी बताया कि विद्यालय में दूध और फल का वितरण नियमित रूप से नहीं किया जाता है। बीईओ की रिपोर्ट में सामने आई इन अनियमितताओं और लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने प्रभारी प्रधानाध्यापक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। साथ ही, प्रकरण की विस्तृत जांच गौर के बीईओ को सौंपते हुए तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित:नशे में स्कूल आने का आरोप, मिड-डे मील बंद मिला; खाद्यान्न बेचने की भी शिकायत
RELATED ARTICLES












