श्रावस्ती जिले में रविवार, 28 जून 2026 से विशेष पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ हो गया है। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने एक नन्ही बच्ची को पोलियो की ड्रॉप पिलाकर और फीता काटकर इस अभियान की शुरुआत की। इस वर्ष शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के 2.98 लाख बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर सुरक्षा कवच प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान के तहत ईंट-भट्टों, निर्माण स्थलों, घुमंतू और प्रवासी परिवारों के बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा दवा से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। डब्ल्यूएचओ के तकनीकी सहयोग से टीमों का प्रशिक्षण, माइक्रोप्लान की समीक्षा और निगरानी व्यवस्था पहले ही पूरी कर ली गई है। सभी विभागों को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह ने जानकारी दी कि अभियान की सभी प्रशासनिक और फील्ड तैयारियां पूर्ण हैं। सुपरविजन की जिम्मेदारी एलएचवी, सीएचओ, हेल्थ सुपरवाइजर, विलेज हेल्थ वर्कर्स और अन्य पर्यवेक्षकों को सौंपी गई है। आईसीडीएस विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं भी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. के.के. वर्मा ने बताया कि अभियान के लिए 525 फिक्स्ड बूथ, 371 हाउस-टू-हाउस टीमें, 16 ट्रांजिट टीमें और 05 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। फिक्स्ड बूथों पर पहले दिन बच्चों को दवा पिलाई जाएगी, जबकि आने वाले दिनों में घर-घर जाकर छूटे बच्चों को कवर किया जाएगा। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को पोलियो ड्रॉप अवश्य पिलवाएं और इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
श्रावस्ती में पल्स पोलियो अभियान शुरू, डीएम ने पिलाई ड्रॉप:2.98 लाख बच्चों को पोलियो सुरक्षा कवच देने का लक्ष्य, आने वाले दिनों में घर-घर जाएगी टीम
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












