Homeप्रदेश (State)उत्तरी और पश्चिमी महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ में बारिश का कहर, 1.22 लाख...

उत्तरी और पश्चिमी महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ में बारिश का कहर, 1.22 लाख हेक्टेयर फसल बर्बाद, नासिक में 2 लोगों की मौत

Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र के उत्तरी महाराष्ट्र और पश्चिमी महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ में बेमौसम बारिश ने कहर बरपाया है। राज्य में 1.22 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि पर फसल को नुकसान की सूचना मिली है। वहीं नासिक क्षेत्र में बारिश से संबंधित घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई है।

मुंबई: महाराष्ट्र के कई जिलों में बेमौसम बारिश ने कहर बरपाया है। राज्य के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण फसलों को बड़ा नुकसान हुआ है और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि राज्य में 1.22 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि पर फसल को नुकसान की सूचना मिली है। वहीं उत्तरी महाराष्ट्र के नासिक क्षेत्र में बारिश से संबंधित घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई है। उधर, भारत मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन से चार दिनों में और अधिक भारी बारिश, तेज हवाओं और संभावित ओलावृष्टि की चेतावनी दी है।

खेतों में जलभराव की सूचना

सूत्रों के अनुसार, प्याज, टमाटर और मिर्च जैसी सब्जियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं और कई खेतों में जलभराव की सूचना मिली है। राज्य के कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरने ने कहा कि मार्च के अंतिम सप्ताह में बेमौसम बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि के कारण फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है। 1.22 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फैली फसलें प्रभावित हुई हैं। केला, गेहूं, मक्का, चना, आम, ज्वार, तरबूज और सब्जियों की फसल गंभीर रूप से प्रभावित हुई हैं।

पुणे में ओलावृष्टि और भारी बारिश

बारामती से लोकसभा सदस्य और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) नेता सुप्रिया सुले ने भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के लिए प्रभावित किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बारामती लोकसभा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे पुणे जिले और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि और भारी बारिश हुई है। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है।

बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

पुणे जिले के ही पिंपरी चिंचवड में बेमौसम बारिश के कारण शहर में बाढ़ और स्वच्छता संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो गईं। अधिकारियों ने बताया कि पुणे जिले के अंबेगांव तालुका में भी गुरुवार दोपहर तेज हवाओं और आकाशीय बिजली चमकने के साथ भारी बारिश हुई। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और कृषि उत्पादों के साथ-साथ ईंट भट्ठों को भी नुकसान पहुंचा।

 

अगले तीन से चार दिनों में भारी बारिश की चेतावनी

अधिकारियों ने बताया कि अकेले उत्तरी महाराष्ट्र में लगभग 64,000 हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें क्षतिग्रस्त हुईं, जिनमें नासिक मंडल में 50,000 हेक्टेयर से अधिक की फसलें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि धुले जिले में 8,000 हेक्टेयर से अधिक की फसल प्रभावित हुई, जबकि ओलावृष्टि से सोलापुर और आसपास के इलाकों में नुकसान हुआ। इस बीच भारत मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों में और अधिक भारी बारिश, तेज हवाओं और संभावित ओलावृष्टि की चेतावनी दी है।

Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र के उत्तरी महाराष्ट्र और पश्चिमी महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ में बेमौसम बारिश ने कहर बरपाया है। राज्य में 1.22 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि पर फसल को नुकसान की सूचना मिली है। वहीं नासिक क्षेत्र में बारिश से संबंधित घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments