रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है पुलिस कमिश्नर तथा प्रभारी पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) के निर्देश पर नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक कुल 3559 नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ मोटर यान अधिनियम 1988 के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं, 27 जून की रात्रि चलाए गए विशेष ड्रंक एंड ड्राइव अभियान में 47 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए।
शहर के तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका चौक, भांठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, भनपुरी चौक तथा पंडरी थाना के सामने कुल 9 स्थानों पर सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सीमा अहिरवार के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान पकड़े गए 47 वाहन चालकों में 29 कार, 4 मोटरसाइकिल, 1 ई-रिक्शा, 7 टाटा एस और 6 ट्रक चालक शामिल हैं। सभी के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई है तथा उन्हें नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि, यह अभियान किसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, लोगों के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार चलाया जा रहा है।
पुलिस ने कहा कि, शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि चालक और अन्य राहगीरों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है।
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।












