लखनऊ । उत्कर्ष संगोष्ठी के 42वें चरण में वक्ताओं ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्योंं को याद करते हुए आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया। संचालक विमल प्रकाश ने कहा कि राजीव गांधी ने ही पंचायती राज जैसी व्यवस्था देकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास की लहर पहुंचाई थी।
कार्यक्रम के संयोजक जाहिद अली के अनुसार मौजूदा भारत में आज देश की जनता राजीव गांधी जैसे प्रधानमंत्री की जरूरत महसूस करने लगी है जो पूरे देश के हर वर्ग को साथ लेकर आगे चल सके। देश में जेन जेड और जेन अल्फा के मौजूदा आंदोलनों की सफलता का पूरा श्रेय राजीव गांधी के द्वारा लायी गयी कंप्यूटर क्रांति और संचार तकनीक को देते हुए कहा गया कि छोटे छोटे बच्चे आज अपने मोबाइल से स्कूलों की दुर्दशा का वीडियो सोशल मीडिया पर डाल पा रहे हैं तो यह राजीव गांधी की ही संचार क्रांति की देन है।
अभिनेता अनिल तिवारी के अनुसार देश की युवा पीढ़ी को राजीव गांधी के योगदानों के बारे में बताना जरूरी है। संगोष्ठी में आमंत्रित वक्ता सोनू चिनहटवी ने कहा राजीव गांधी का नाम हमेशा भारत के आकाश में चमकीले सितारे की तरह जगमगाता रहेगा। राजीव गांधी की जयंती पर आयोजित उत्कर्ष संगोष्ठी का यह कार्यक्रम सायंकाल 5 बजे से लेकर 7 बजे तक चलता रहा।












