Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)रेडक्रास ने प्रदेश स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति गठित की:श्रावस्ती के अरुण मिश्र...

रेडक्रास ने प्रदेश स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति गठित की:श्रावस्ती के अरुण मिश्र को अध्यक्ष बनाया, राहत कार्यों को मिलेगी गति


श्रावस्ती इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश ने आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए एक प्रदेश स्तरीय समिति का गठन किया है। विभाग ने बृहस्पतिवार को 3:00 बजे के बाद बताया कि इस समिति की कमान श्रावस्ती के रेडक्रास सचिव अरुण कुमार मिश्र को अध्यक्ष के रूप में सौंपी गई है। उपमुख्यमंत्री एवं रेडक्रास सोसाइटी के चेयरमैन बृजेश पाठक की अनुशंसा पर समिति का गठन किया गया है। अरुण मिश्र को आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। समिति में अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्तियाँ की गई हैं। बहराइच के अजय कुमार शर्मा को सचिव, गौतमबुद्धनगर के संजय त्रिपाठी को उपाध्यक्ष और लखनऊ के जितेंद्र सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, बलरामपुर के अजय कुमार मिश्र, बाराबंकी के धर्मेंद्र कुमार वर्मा, फर्रुखाबाद के आयुष्मान परिहार और कानपुर नगर के लखन कुमार शुक्ला को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
रेडक्रास के महासचिव रामानंद कटियार ने बताया कि प्रदेश में आपदा प्रबंधन के लिए एक सुनियोजित ढांचा तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विभिन्न जिलों में आपदा प्रबंधन टीमें गठित की जाएंगी, जो लोगों को आपदा से बचाव और राहत कार्यों का प्रशिक्षण देंगी। नव नियुक्त अध्यक्ष अरुण कुमार मिश्र ने अपनी प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रेडक्रास आपदा के समय राहत सामग्री वितरण और पुनर्वास कार्यों के साथ-साथ जन जागरूकता और प्रशिक्षण को भी प्राथमिकता देगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर एक सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) ग्रुप का गठन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य आपदा के समय जरूरतमंदों तक अधिक से अधिक सहायता पहुँचाना होगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments