Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती में कॉमन योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास:अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले विभिन्न...

बस्ती में कॉमन योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास:अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले विभिन्न संगठनों ने किया आयोजन

#बस्ती_न्यूज

बस्ती में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) से पहले कॉमन योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। यह आयोजन पतंजलि योग समिति, इंडियन योग एसोसिएशन और महिला पतंजलि योग समिति सहित कई संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में मालवीय रोड स्थित हरि मैरेज हॉल में 19 जून को हुआ। कार्यक्रम का संचालन भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिला प्रभारी ओम प्रकाश आर्य ने किया। मुख्य अतिथि कर्नल केसी मिश्र ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। कर्नल मिश्र ने युवाओं से नियमित योगाभ्यास को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। विश्व युवक केंद्र, नई दिल्ली के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उदय शंकर सिंह हाइब्रिड माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रही है। केंद्र के सीनियर ऑफिसर (डिजिटल इनिशिएटिव्स) आनंद कुमार ने जानकारी दी कि कॉमन योग प्रोटोकॉल आयुष मंत्रालय द्वारा विकसित एक वैज्ञानिक और मानकीकृत योग श्रृंखला है, जिसका उद्देश्य सभी आयु वर्ग के लोगों को योग के स्वास्थ्य लाभों से परिचित कराना है। विशिष्ट अतिथि डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि योग व्यक्ति को स्वयं, समाज और प्रकृति से जोड़ता है। उन्होंने इसे जीवनभर के संकल्प के रूप में अपनाने पर जोर दिया। योगाचार्य डॉ. प्रवेश कुमार, गरुणध्वज पाण्डेय, कामना पाण्डेय और सौरभ तुलस्यान ने प्रतिभागियों को अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, ध्यान और शवासन सहित विभिन्न आसनों और मंत्र जाप का अभ्यास कराया। इस अवसर पर चारों तहसीलों के योग प्रशिक्षकों, आजीवन सदस्यों और नियमित साधकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और महिला प्रतिभागी उपस्थित रहे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments